राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत वाजपेई का 1001 पौधरोपण संकल्प का लिया संकल्प, बताई ये वजह


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने मेरठ में 1001 पौधे लगाने का संकल्प लिया है. इसी अभियान की शुरुआत सोमवार को माल रोड पर 150 पौधों के रोपण के साथ की गई. वाजपेई ने कहा कि आने वाले दिनों में कैंट क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर बड़े स्तर पर पौधरोपण कर हरित मेरठ बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा.

मेरठ में सोमवार को माल रोड पर आयोजित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेई ने 150 फलदार और छायादार पौधे लगाए. इस अवसर पर उनकी पत्नी डॉ. मधु वाजपेई, अमेरिका से आई उनकी बेटी और नाती भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की.

1001 पौधे लगाने का लिया संकल्प

डॉ. वाजपेई ने बताया कि उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के उद्देश्य से 1001 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है. इसके तहत प्रथम चरण में 150 पौधे लगाए गए हैं, जबकि अगले चरण में कैंट क्षेत्र में लगभग 500 पौधे लगाए जाएंगे. उन्होंने बताया कि जिस स्थान पर पौधरोपण किया जाएगा, उसे भविष्य में "उपवन" के रूप में विकसित किया जाएगा.

हर पौधे की होगी जिम्मेदारी तय

सांसद ने कहा कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है. इसी सोच के तहत प्रत्येक पौधे की जिम्मेदारी एक-एक कार्यकर्ता को सौंपी गई है. इसके अलावा शेष पौधे भाजपा कार्यकर्ताओं को दिए जाएंगे, जिन्हें वे अपने घरों, मंदिरों, पार्कों या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर उनकी देखरेख करेंगे.


'ठंडी सड़क' को फिर से हराभरा बनाने की पहल

डॉ. वाजपेई ने माल रोड की पुरानी पहचान को याद करते हुए कहा कि बचपन में यह मार्ग "ठंडी सड़क" के नाम से जाना जाता था, क्योंकि यहां दोनों ओर घने वृक्ष हुआ करते थे. समय के साथ कई पेड़ खत्म हो गए, जिससे हरियाली कम होती चली गई. अब कैंटोनमेंट बोर्ड के सहयोग से इस क्षेत्र को दोबारा हराभरा बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं.

12 साल पूरे होने पर विशेष अभियान

उन्होंने बताया कि 10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मेरठ में व्यापक स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा. उनका लक्ष्य है कि 12 जून से पहले 1001 पौधे लगाने का संकल्प पूरा कर लिया जाए.

परिवार को भी जोड़ा प्रकृति संरक्षण से

डॉ. वाजपेई ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारी भी है. इसी भावना के तहत उन्होंने अमेरिका से आई अपनी बेटी और नाती को भी पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल किया, ताकि वे भारतीय संस्कृति और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी के महत्व को समझ सकें. कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, महानगर उपाध्यक्ष विवेक वाजपेयी, मंडल अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पार्षद संदीप रेवड़ी, कुलदीप वाल्मीकि, राजीव गुप्ता समेत भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे.